राजस्थान की इस मरुभूमि को भगवान् ने समय-समय पर अपने प्राण प्यारे भक्तों को भेज कर भक्ति-रस से सिंचित किया है। इसी पुण्यधरा के शेखावाटी अंचल के सीकर जिले में खंडेला कस्बे के समीप स्थित ग्राम सांठावास में लगभग 1685 विक्रम सम्वत (सन् 1628) में इन्दौरिया परिवार में श्री तुलछाराम जी के रूप में श्याम-भक्ति का सूर्योदय हुआ। श्री तुलछाराम जी बचपन से ही श्री श्याम बाबा के अनन्य भक्त थे। वे सदैव श्री श्याम बाबा के अर्चन-पूजन और चिंतन में लीन रहते थे। भक्तशिरोमणि श्री तुलछाराम जी जब श्री श्याम प्रभु की भक्ति में डूबे हुए थे तब एक दिन उन्हें खाटू जाकर श्री श्याम बाबा के दर्शन करने और निशान (ध्वजा) अर्पित करने की प्रेरणा हुई। तब विक्रम सम्वत 1705 (सन् 1648 ) में श्री तुलछाराम जी प्रथम बार सांठावास ग्राम से खाटू के लिए निशान-यात्रा लेकर चले। खाटू पहुँच कर श्री तुलछाराम जी ने श्री श्याम बाबा के दर्शन-वंदन करने के उपरान्त निशान अर्पित किया। परन्तु तत्कालीन राजा के द्वारा इस यात्रा को निषेध किये जाने के कारण श्याम-भक्त श्री तुलछाराम जी सांठावास ग्राम छोड़कर डूमरा ग्राम आ गए और प्रतिवर्ष इस निशान-यात्रा को जारी रखा।
No comments:
Post a Comment